रविवार, 12 अप्रैल 2015

एक किटी पार्टी किताबों वाली


(यह पोस्‍ट कुछ महीने पहले किसी अन्‍य संदर्भ से डाली गयी थी। इसका खास महत्‍व है इसलिए दोबारा आपके लिए)

हमारी एक मराठी भाषी मित्र हैं अनिला फड़नवीस। लिखती तो नहीं लेकिन पढ़ती खूब हैं। मूड आये तो अपनी ही खुशी के लिए कुछ न कुछ अनुवाद कर लेती हैं। एक संस्थान में लाइब्रेरियन हैं। अगले महीने नौकरी से रिटायर हो रही हैं।
एक दिन मैंने यूं ही पूछ लिया कि अब आगे के लिए क्‍या योजना है। उन्‍होंने जो कुछ बताया वह मेरे लिए हैरान करने वाला तो था ही, सोच को एक नयी दिशा देने वाला भी था।
बताया उन्‍होंने - अरे अपनी मंथली किटी पार्टी है ना उसी का और विस्‍तार करना है। पहले उसे पाक्षिक और फिर वीकली करने की योजना है। उसकी और यूनिट्स खोलने का काम करना है।
मैं हैरान हुआ – आप और किटी पार्टी। मैं सोच भी नहीं सकता कि आप किटी पार्टी में जाती होंगी और रिटायरमेंट के बाद उसी को पूरा समय देने के बारे में सोच रही हैं।
वे हँसने लगीं – आप जो समझ रहे हैं, ये वो वाली किटी पार्टी नहीं है। ये किताबों वाली किटी पार्टी है।
दोबारा हैरान होने की बारी थी - किटी पार्टी किताबों वाली। ये कैसी किटी पार्टी होती है।
बताया उन्‍होंने – हम बीस लेडीज़ का एक ग्रुप है। सब की सब हर महीने एक बार आखिरी रविवार को मिलती हैं। बारी बारी से एक एक की मेहमान बनती हैं। जैसे किटी पार्टी की मेम्‍बर्स मिलती हैं, वैसे ही। हम भी कंट्रीब्‍यूट करती हैं उनकी तरह। सौ रुपया महीना। खाती पीती भी हैं लेकिन हमारे मिलने का मकसद अलग होता है। जिसकी बारी आती है, वह इन दो हजार रुपयों की अपनी पसंद की नयी किताबें मंगवाती है। मराठी में आज भी कमीशन के बाद सौ रुपये में स्तरीय और अच्‍छी किताबें मिल जाती हैं।
इस किटी पार्टी में तीन काम होते हैं। पिछली पार्टियों में ले जायी गयी किताबें इस पार्टी में सब वापिस लाती हैं। पहले से तय योजना के अनुसार सबके घर अलग अलग साहित्‍यिक पत्रिकाएं आती हैं। वे भी लायी जाती हैं। बहुत रोमांचक होते हैं वे पल जब सब सामने रखी ढेर सारी नयी और पुरानी किताबों और पत्रिकाओं में से सबको अपनी पसंद की किताबें और पत्रिकाएं चुनने का मौका मिलता है। ये अदला बदली हर बार चलती रहती है। हर बार सबके हिस्‍से में न पढ़ी गयी पुरानी किताबें और एक नयी किताब आती है। पत्रिकाएं भी।
उसके बाद मेजबान सदस्‍या की ओर से खाना पीना होता है। पढ़ी गयी किताबों पर पूरी गंभीरता से बात होती है। कुछ किताबों के सार बताये जाते हैं और कुछ किताबों की समीक्षा की जाती है। सब की सब उन किताबों से गुजरने के अनुभव शेयर करती हैं। उन किताबों की भी बात होती है जो इनके अलावा किसी के हाथ लग गयी होती है और पढ़ ली गयी होती है।
पार्टी के आखिर में अगली मेजबान के नाम की पर्ची निकाली जाती है, अगली बार खरीदी जाने वाली किताबों के नाम सुझाये और कुछ हद तक तय किये जाते हैं और ये तय किया जाता है कि अगली बार की किटी पार्टी में कौन कौन किताबों पर बोलेंगी। हां, दीवाली वाले महीने में इसमें थोड़ा फेर बदल होता है। दीवाली के मौके पर मराठी में सौ से ज्‍यादा पत्रिकाएं अपने विशेषांक निकालती हैं। कई पत्रिकाएं तो ऐसी हैं जो सिर्फ दीवाली पर वार्षिक अंक ही निकालती हैं।  इन पत्रिकाओं का हम बेसब्री से इंतजार करते हैं। वर्ष का सर्वश्रेष्‍ठ साहित्‍य इनमें छपता है। पूजा के अवसर पर जिस तरह बांग्‍ला भाषा में सैकड़ों पत्रिकाएं छपती हैं और कई बांग्‍ला लेखक इन्‍हीं पत्रिकाओं के माध्‍यम से घर घर पहुंचते हैं, वही परम्‍परा मराठी में भी है। आपको हैरानी होगी कि मराठी का हर बड़ा लेखक हर घर के लिए अपना-सा और परिचित नाम है और उन्‍हें घर घर पहुंचाने में इन दीपावली अंकों की बहुत बड़ी भूमिका है। दीपावली से पहले ही हर आफिस में काम करने वाले दस बीस लोग आपस में ग्रुप बना लेते हैं और सामूहिक रूप से पत्रिकाओं के दीपावली अंक खरीदते और मिल जुल कर पढ़ते हैं।
हम चाह कर भी सारी या अपनी पसंद की चुनिंदा पत्रिकाएं नहीं खरीद सकते। हजारों रुपये चाहिये और पढ़ने के लिए ढेर सारा समय भी। ऐसे में हमारी किटी पार्टी ही यह काम करती है। सब मेम्‍बर अपनी अपनी पसंद की पत्रिकाएं सुझाती हैं और फिर बारी बारी से पढ़ती और अपने पास रखती हैं।
मैं हक्‍का बक्‍का। रोमांचित भी। अवाक भी। यही पूछ पाया – इसका योजना का  विस्‍तार आप किस रूप में करना चाह रही हैं।
वे मुस्‍कुरायी - बहुत आसान है। मराठी माणूस को किताब, पत्रिका, नाटक और संगीत के कार्यक्रम के लिए पूछना नहीं, बताना पड़ता है। बाकी काम बहुत आसान है।
मैं अपनी तरफ से क्या कहूं।

खराब किताबें



राज्‍य का नाम नहीं लूंगा। वहां की राजधानी में राज्‍य स्‍तरीय साहित्‍य परिषद टाइप की एक संस्‍था में किसी काम से गया। वहां बरामदे में चार आदमी बड़ी बेरहमी से किताबों के ढेर के ढेर फाड़ने में लगे हुए थे। मैं हैरान हुआ। दो चार किताबें उठा कर देखीं। कुछ तो संस्‍था द्वारा ही छापी गयी थीं और कुछ संस्‍था को ही भेंट की गयी थीं या पुरस्‍कार आदि के लिए जमा करायी गयी थीं। पूछा उनसे कि क्‍यों फाड़ रहे हो तो वे बोले कि हम रद्दी खरीदने वाले लोग हैं। किताबें फाड़ने के बाद ही वे रद्दी कहलाती हैं। तो मैंने पूछा कि आप किताबें भी तो खरीद सकते हो। वे मासूमियत से बोले कि हमारा टेंडर रद्दी के लिए होता है। किताबों के लिए नहीं।
मैंने भीतर जा कर प्रशासन अधिकारी से जितने भी सवाल पूछे, सबके जवाब ये थे - जिन लेखकों की किताबें छापने के लिए हम आर्थिक सहयोग देते हैं, उनकी कुछ प्रतियां हमें रखनी होती हैं। कई बार हम ही लेखक की किताबें छापते भी हैं। लेखक कई बार अपनी प्रतियां याद दिलाने के बाद भी नहीं ले जाते। इसके अलावा लोग अपनी किताबें भेजते रहते हैं। कहां तक रखें उनको और क्‍यों और कैसे रिकार्ड रखें उनका। स्‍कूल कालेज वाले फ्री में भी लेते नहीं। उन तक पहुंचाये कौन। सदस्‍य भी फ्री में भी ले जाने को तैयार नहीं। हार कर हमने पुरानी किताबें खरीदने वालों को ये स्‍टॉक बेचना शुरू किया तो वे बेशक तौल कर ले जाते थे लेकिन अपनी पूंजी को रोते थे। कहते थे पूरे साल में एक किताब भी नहीं बिकती। हर बरस का ही रोना है साहब। हर बरस कमरा भर जाता है ऐसी किताबों से। रद्दी में निकालनी ही पड़ती हैं। वैसे आप चाहें तो अपने लिए दस बीस किताबें चुन सकते हैं।

ये सुनते ही मैंने बाहर जाने का रास्‍ता पूछने में ही खैरियत समझी।
यही सोचा कि चलो इस धरती से कुछ तो खराब किताबें कम हो रही हैं। बेशक अगले बरस इतनी और जुड़ जायेंगी।

The second sex - उस तरह की किताब




बात 1989 की है। तब मैं अहमदाबाद पहुंचा था। मेरे ऑफिस से 200 कदम की दूरी पर ही गुजरात विद्यापीठ थी। विद्यापीठ का पुस्‍तकालय बहुत अच्‍छा था। मैंने पहला काम ये किया कि वहां की लाइब्रेरी की सदस्‍यता ली ताकि पढ़ने के लिए अच्‍छी किताबें मिलती रह सकें। इसके अलावा शनिवार की दोपहर हम सब लिखने पढ़ने वाले वहीं पर अड्डेबाजी किया करते थे।
तब तक प्रभा खेतान ने सिमोन द’ बुआ की the second sex का स्‍त्री उपेक्षिता के नाम से अनुवाद नहीं किया था। मैं the second sex को कैटेलॉग में तलाशता रहा, किताब न लेखिका के नाम से मिली और न ही किताब के नाम से ही, तो मैं  काउंटर पर आया। काउंटर क्‍लर्क ने कागज पर किताब का नाम देखते ही मेरी तरफ अजीब सी निगाहों से देखा और गुजराती में बुदबुदाया – इस किस्‍म की किताबों की एंट्री जनरल कैटेलॉग में नहीं होती। मेरा सवाल था- तो कहां होती हैं एंट्री और मुझे कैसे मिलेगी?
उसने मुझे सहायक लाइब्रेरियन के पास भेज दिया।
सहायक लाइब्रेरियन ने भी किताब का नाम देखते ही भाषण पिलाना शुरू कर दिया - आपको तो पता ही है ये विद्यापीठ महात्‍मा गांधी का संस्‍थान है। हम यहां सिर्फ चरित्र निर्माण वाली किताबें ही रखते हैं। मेरा सिर पीटने का मन हुआ, फिर भी मैंने धैर्य से कहा – ये किताब ऐसी वैसी नहीं है। यह महिलाओं की बेहतरी के बारे में बेहतरीन किताब है। क्‍या लाइब्रेरी में है ये किताब? वह अपनी रागिनी बजाता रहा- दरअसल इस तरह की किताबें खरीदने के लिए एक खास कमेटी बनती है और पूरी छानबीन के बाद ही इस तरह की किताबें खरीदी जाती हैं और उन्‍हें एक अलग कमरे में रखा जाता है।  आखिर हम चरित्र निर्माण...।
अब तक मेरा माथा सटक चुका था। मैंने उस महाशय से कहा कि एक मिनट के लिए अपना सिंहासन छोड़ कर मेरे साथ चलें। उन्‍होंने पूछा कि कहां जाना है। मैंने उनसे कहा कि आप आयें तो सही, कुछ दिखाना है। वे बेमन से मेरे साथ चले। मैं उन्‍हें कॉमन टाइलेट्स और पेशाब घर तक लाया और उनसे कहा – अब आप अपनी आंखों से देखिये और बताइये, ये सारी अमृत वाणी और चित्रकारी किसकी देन है। आपका वह डंडे और मूंछों वाला वॉचमैच गैर सदस्‍यों तो को अंदर घुसने नहीं देता, तो राह चलता आदमी तो ये सब  लिखने आया नहीं होगा। या तो ये आपके स्‍टाफ का काम है या फिर उन सदस्‍यों का जिनके चरित्र निर्माण की चिंता में आप दुबले हुए जा रहे हैं। और उनके लिए दे सेकेंड सैक्‍स जैसी किताब भी बैन कर रखी है। यही है आपके चरित्र निर्माण के प्रयासों का नतीजा। बताइये ये सारा अश्‍लीलतम साहित्‍य यहां किसने रचा है।
पाठक, आप सच मानें, वहां दीवारों पर एक इंच की जगह भी खाली नहीं थी जहां सचित्र रास लीलाओं की झांकियां व्‍याख्‍या सहित न रची गयी हों।
वे चुप थे। इतने बरसों की नौकरी में वे पहली बार लाइब्रेरी के पब्‍लिक टाइलेट्स में आये थे और देख कर हैरान थे।

अब मुझे दो बातें कहनी हैं। 1995 में अहमदाबाद से मेरे लौटने तक न तो मुझे द सेकेंड सैक्‍स वहां से पढ़ने के लिए मिल पायी थी और न ही तब तक उन टाइलेट्स में पुताई करवा कर उस साहित्‍य को हटाने छुपाने की कोई कोशिश ही की गयी थी।

द बर्मीज़ डेज़



जॉर्ज आर्वेल का एक उपन्यास है - । उसमें एक प्रसंग है कि अंग्रेज अफसर पी कर धुत्त पड़ा हुआ है और उसे मच्छर काट रहे हैं। तभी उसका एक दोस्त आता है। उसकी ये हालत देख कर वह दोस्त नौकर को बुरी तरह से डांटता है - तुम्हें  शरम नहीं आती मालिक को इस हालत में छोड़ रखा है। देखो कितने मच्छर हैं। तुम कुछ करते क्यों नहीं।
नौकर भोलेपन से जवाब देता है – साब जी, जब हमारा साब पी कर आता है तो आधी रात तक उनको पता नहीं चलता कि‍ मच्छर किधर हैं और बाकी आधी रात के बाद मच्छरों को पता नहीं चलता कि‍ साब किधर है।

ज्‍यां जेने - उठाईगिरी से सम्‍मानित लेखन तक का सफ़र



ज्‍यां जेने (Jean Genet 19 दिसम्‍बर 1910 – 15 अप्रैल 1986) ऐसे फ्रांसीसी उपन्‍यासकार, नाटककार, कवि, निबंधकार और राजनैतिक एक्‍टिविस्‍ट रहे हैं जिन्होंने अपना जीवन उठाईगिरी, टुच्‍ची चोरी चकारियों और इसी तरह के अपराधों से शुरू किया था। उनके उपन्‍यासों में Querelle of Brest, The Thief's Journal, और Our Lady of the Flowers, तथा नाटकों में The Balcony, The Blacks, The Maids और The Screens शामिल हैं।
• जेने की मां वेश्‍या थी। कुछ महीने जेने को पालने के बाद मां ने उन्‍हें पालना घर में रखवा दिया था। यहां एक बढ़ई ने जेने को पाला। पढ़ाई में अच्‍छे अंक लाने के बावजूद वे कुसंगति में पड़ गये और चोरी चकारी करने लगे। वे दो एक बार घर से भी भागे।
• बढ़ई पिता के बाद वे एक अधेड़ परिवार के साथ रहे। वहां वे रात को अक्‍सर चेहरा ढांप कर अपने धंधे पर निकल जाते। एक बार कहीं पहुंचाने के लिए जेने को ढेर सारा धन दिया गया लेकिन जेने उसे बीच में ही गायब कर गये।
• इस घटना के लिए और दूसरी हरकतों के लिए जेने को पंद्रह बरस की उम्र में लगभग ढाई बरस तक एक तरह से सुधार गृह में रखा गया। अपनी किताब The Miracle of the Rose (1946) में उन्‍होंने इस सज़ा का लेखा जोखा दिया है। उन पर समलैंगिकता का भी आरोप लगा। चोरी करने, जाली कागजा़त बनाने, बेजा हरकतें करने और दूसरे अपराधों की सज़ा के लिए उनके जेल जाने और छूटने का सिलसिला चलता रहा। जेल में ही जेने ने अपनी पहली कविता और उपन्‍यास Our Lady of the Flowers (1944) लिखे।
• बाहर आने पर पेरिस में जेने ज्‍यां कॉकटीयू से मिले। कॉकटीयू जेने के लेखन से खासे प्रभावित हुए और अपने संपर्कों से जेने का उपन्‍यास छपवाने में मदद की।
• हालत ये हो गयी कि 1949 में दस अपराध सिद्ध हो जाने के बाद जब ज्‍यां जेने को आजीवन कारावास की सज़ा देने की नौबत आ गयी तो कॉकटीयू और ज्‍यां पॉल सार्त्र और पाब्‍लो पिकासो सहित गणमान्‍य नागरिकों ने ज्‍यां जेने की सज़ा को माफ कर देने के लिए फ्रांस के राष्‍ट्रपति के आगे गुहार लगायी। इसके बाद जेने को कभी जेल नहीं जाना पड़ा।
• 1949 तक ज्‍यां जेने पाँच उपन्‍यास, तीन नाटक और असंख्‍य कविताएं लिख चुके थे। लेखन में भी वे समलैंगिकता और अपराधों को परोसने से बाज नहीं आये।
• सार्त्र ने ज्‍यां जेने के अस्‍तित्‍ववादी विकास (बदमाश से लेखक) पर 1952 में एक लम्‍बा विश्‍लेषणात्‍मक लेख संत जेने लिखा था। इस लेख से ज्‍यां जेने इतने प्रभावित हुए कि अगले पाँच बरस तक एक अक्षर भी नहीं लिख सके। जेने अवसाद के शिकार भी हुए और आत्‍महत्‍या का प्रयास भी किया।
• 1968 के बाद वे राजनीति में सक्रिय हुए। 1970 में ब्‍लैक पैंथर्स ने उन्‍हें अमेरिका में आमंत्रित किया। वहां वे लेखन के अलावा लैक्‍चरबाजी भी करते रहे।
• लेखन की ही तरह उनकी राजनैतिक पारी अंतर्राष्‍ट्रीय मंच पर खासी महत्‍वपूर्ण रही।

किताबें चोरी की बातें


मैंने इन्‍हीं पन्‍नों पर लिखा था कि सबसे ज्‍यादा किताबें वही पढ़ी जाती हैं जो चुरा कर लायी गयी होती हैं। जब किताब देखते ही उसे चुरा लेने का दिल करे तो शायद उस स्‍थिति की तुलना किसी और स्‍थिति से नहीं की जा सकती। मैं साहित्‍य की चोरी को बहुत बुरा मानता हूं लेकिन किताबों की चोरी की खबरें मुझे रोमांचित करती हैं। मैं खुद कभी भी एक भी किताब नहीं चुरा पाया लेकिन मुझे पता है कि मेरे घर से कौन सी किताबों पर किन किन मित्रों ने हाथ साफ किये हैं। आज किताबों की चोरी की ही बात करते हैं।
कथाकार मनोज रूपड़ा जितने बड़े कथाकार हैं उससे बड़े कलाकार भी हैं। आज उनके पुस्‍तक चौर्य के तीन किस्‍से।
किस्‍सा एक : जनाब मनोज जी कथाकार मित्र मनीषा कुलश्रेष्‍ठ के साथ दिल्‍ली में एक बड़े प्रकाशक के यहां किताबें खरीदने गये। मनीषा ने किताबें देखीं, पसंद की, खरीदीं और बिल अदा करके एक बैग में डलवा लीं। मनोज ने एक मोटी सी, महत्‍वपूर्ण और महंगी किताब उठायी और मनीषा के बैग में ही डाल दी। दोनों बाहर आये। मनीषा को आज तक नहीं पता कि कब वह किताब उसके बैग में डाली गयी और बाहर आने पर निकाल भी ली गयी।
किस्‍सा दो: मनोज जी नागपुर में लोकमत समाचार के ऑफिस में गये। वहां साहित्‍य संपादक प्रकाश चंद्रायन की मेज पर विक्रम सेठ के उपन्‍यास एन ईक्‍वल म्‍यूजिक के अनुवाद सम सा संगीत की प्रति देख कर उनकी आंखें चमक उठीं। जब वे बाहर आये तो किताब उनके साथ चली आयी। बाद में प्रकाश जी ने भरे मन से उनसे कहा कि जो किताब आफिस से बाहर जाती है, उसका रिकार्ड रखना होता है। अब तुम किताब तो वापिस करोगे नहीं, हमारे लिए उसकी समीक्षा ही कर दो।
मनोज ने लोकमत समाचार से चुरायी गयी किताब की समीक्षा उसी अख़बार के लिए की और उसका मानदेय भी पाया।
किस्‍सा तीन: एक थे भाटिया साहब। किताबों की दुकान चलाते थे। मनोज वहां से एक किताब खरीदते और तीन किताबें चुरा लाते। लेकिन वह एक अच्‍छा काम ये करते थे कि किताब पढ़ने के बाद चुपके से वहां रख भी आते।
एक दिन भाटिया साहब ने मनोज को बुलाया और कहा- मुझे पता है कि तुम किताबें ले भी जाते हो और वापिस भी रख जाते हो। मैं बुरा नहीं मानता क्‍योंकि तुम्‍हारी नीयत साफ है। अब तुम ठहरे हलवाई। जब किताबें वापिस रखते हो तो उन पर हल्‍दी और तेल के दाग लगे होते हैं और वे बेचने लायक नहीं रहतीं। या तो तुम किताबों पर कवर चढ़ा कर पढ़ा करो या फिर भट्टी पर बैठ कर किताबें मत पढ़ा करो।

अब्राहम लिंकन की पहली किताब


अमेरिका के 16वें राष्‍ट्रपति अब्राहम लिंकन (फरवरी 12,1809 – अप्रैल 15, 1865) बेहद गरीब थे और बचपन में स्‍कूली और अपनी मन पसंद किताबें जुटा कर पढ़ पाना उनके लिए किसी ऐय्याशी से कम नहीं था। वे ढंग से स्‍कूली शिक्षा भी नहीं पा सके थे।
उन दिनों वे लकड़ियां चीर कर गुज़ारा कर रहे थे। अपने पड़ोसी क्राफोर्ड से उन्‍हें व्‍हिम्‍स की लिखी Life of Washington पढ़ने के लिए उधार मिल गयी। ये किताब उन्‍हें बुककेस बनाने के एवज में पढ़ने के लिए मिली थी। एक रात भयंकर आंधी आयी और किताब पूरी तरह से भीग गयी। एक तरह से बरबाद ही हो गयी।
सुबह किताब देखने लायक नहीं बची थी। नुक्‍सान हो चुका था और उसकी भरपाई नहीं हो सकती थी। हताश और निराश बालक लिंकन किताब के मालिक के सामने हाजिर हुए। उनके पास किताब की कीमत चुकाने के लिए धेला भी नहीं था इसलिए तय हुआ कि वे इस नुक्‍सान की भरपाई मज़दूरी करके करेंगे।  क्राफोर्ड सहमत हो गये और यह तय हुआ कि लिंकन किताब की कीमत 75 सेंट के बराबर मज़दूरी करके चुकायेंगे।
 - क्‍या ये किताब के नुक्‍सान की भरपाई होगी किताब की कीमत? भोले लिंकन ने पूछा था।
जवाब मिला था - अब ये किताब न तो मेरे लिए और न ही किसी और के लिए ही कोई मायने रखती है। मज़दूरी करने के बाद तुम इसे रख सकते हो, अगर किसी काम की बची हो।
लिंकन उसी हालत में किताब को लिये हुए घर लौटे और खुशी खुशी तीन दिन तक क्राफोर्ड के लिए लकड़ियां चीरने का काम किया। किताब अब उनकी हो गयी थी।
आप कल्‍पना कर सकते हैं कि बालक लिंकन ने किस तरह भीग कर बुरी तरह खराब हो गयी किताब का एक एक पन्‍ना अलग करके सुखाया होगा और उसे दोबारा सहेज कर पढ़ने लायक बनाया होगा।

फर्नांदो पेसोआ -छद्म लेखक



क्‍या आप किसी ऐसे कवि की कल्‍पना कर सकते हैं जो कम से कम 75 छद्म नामों से लिखता रहा हो और इन छद्म नामों में से उसके खुद के अलावा तीन नाम ऐसे हों जिन्‍हें अपनी भाषा के चार महत्‍वपूर्ण और दिशा बदलने वाले रचनाकारों में गिना जाता रहा हो।

फर्नांदो  पेसोआ ( जून 13, 1888  - नवम्‍बर 30, 1935) ऐसे ही पुर्तगाली कवि, लेखक, समीक्षक, अनुवादक, प्रकाशक और दार्शनिक थे। वे 20वीं शताब्‍दी के पुर्तगाली भाषा के बेहद महत्‍वपूर्ण रचनाकार माने जाते हैं। वे अंग्रेजी और फ्रेंच में भी लिखते थे और इन भाषाओं में अनुवाद भी करते थे।

• उन्‍होंने 6 बरस की उम्र में ही छद्म नामों से लिखना शुरू कर दिया था। छद्म नामों से लिखने का सिलसिला आजीवन चलता रहा। उनके रचे गये ये काल्‍पनिक लेखक न केवल अपनी भाषा शैली में एक दूसरे से अलग थे बल्‍कि अलग अलग धर्म के और व्‍यवसाय के थे। उनका नजरिया एक दूसरे से इतना अलग था कि यह कल्‍पना तक नहीं की जा सकती थी कि इन सबके पीछे एक ही लेखक काम कर रहा है। कुछ छद्म लेखक तो बदनाम भी हुए।
• पेसोआ ने डेविड मेरिक के नाम से अंग्रेजी में कहानियां भी लिखीं जो बदकिस्‍मती से अधूरी रहीं।
• 1912 में पेसोआ ने समीक्षक के रूप में एक निबंध लिख कर पुर्तगाली साहित्‍य जगत में तहलका मचा दिया।
• पेसोआ ने 1915 में कुछ समानधर्मा रचनाकारों के साथ मिल कर आधुनिक पुर्तगाली साहित्‍य को समर्पित एक पत्रिका भी निकाली जिसके दो ही अंक निकल सके। तीसरा अंक जो आर्थिक संकटों के चलते छप नहीं सका था, 1984 में खोज निकाला गया था और प्रकाशित किया गया था। इसमें पेसोआ अपने मूल नाम के अलावा छद्म नामों के साथ भी मौजूद थे।
• पेसोआ ने 1924-25 में आर्ट जरनल की स्‍थापना की जिसमें वे अपने ही सृजित छद्म नामों वाले लेखकों अल्‍बर्टो कैरो और रिकार्डो रेइस का गद्य छापते थे। वे अपने खुद के नाम से भी समीक्षाएं, लेख और अनुवाद दे कर साहित्‍य को समृद्ध करते रहे।
• पेसोआ ने 1925 में अंग्रेजी में गाइडबुक टू लिस्‍बन लिखी जो 1992 में ही छप सकी। उन्‍होंने कई पुर्तगाली किताबों के अंग्रेजी में अनुवाद भी किये।
• वे जाने माने ज्‍योतिषी भी रहे और अच्‍छी खासी फीस ले कर जनम पत्रियां बनाया करते थे। उन्‍होंने विख्‍यात महानुभावों की लगभग 1500 जनम पत्रियां बनायी थीं। मजे की बात उन्‍होंने खुद की और अपने बनाये छद्म लेखकों की भी जनम पत्रियां बनायीं। उनकी भविष्‍य वाणी अचूक मानी जाती थी।
• वे एक साथ कई वादों और विज्ञानों में दखल रखते थे और उन पर लिखते थे।
• पेसोआ जिन नामों से लिखते थे उनमें तीन Alberto Caeiro, Álvaro de Campos और Ricardo Reis प्रमुख है और इन तीनों की लेखन शैली, जीवन शैली और दर्शन उनसे बिल्‍कुल अलग हैं। ये चारों नाम पुर्तगाली साहित्‍य के चार नक्षत्रों की तरह हैं। चारों में कोई समानता नहीं जबकि दरअसल चारों पेसोआ ही हैं। पेसोआ का कहना है कि जो कुछ उनके छद्म लेखक लिख पाये, वे खुद नहीं लिख सकते थे।
• जीवन भर और 75 नामों से पत्रिकाओं में लिखने के बावजूद उनकी केवल तीन किताबें अंग्रेजी में और एक ही किताब पुर्तगाली में छप पायी थी। वे अपने पीछे लगभग 27000 अप्रकाशित कागज छोड़ गये थे और इन पर अगले 50 वर्ष तक काम होता रहा।
• वे लिस्‍बन में लीवर की खराबी के कारण 1935 में गुजरे। उनकी मृत्‍यु  के बाद ही उनके सारे रहस्‍यों से पर्दा उठा और उन्‍हें आशातीत ख्‍याति मिली।
• वे अपने ही छद्म नामों वाले लेखकों की आलोचना किया करते थे और उनके काम  की समीक्षा भी करते थे।
• कहा जाता है कि एक बार उन्‍होंने अपने ही एक छद्म लेखक की मृत्‍यु का समाचार अखबारों में दिया, उसकी याद में शोक सभा की रिपोर्ट प्रकाशित करायी और बताया कि उसमें कौन कौन लेखक शामिल हुए। तय है कि उस शोक सभा में पेसोआ के पैदा किये हुए लेखक ही शामिल हुए होंगे।

तू भी खुश, मैं भी खुश - किताबों के किस्‍से





ये किस्‍सा बहुत पुराना है। उस्‍मानिया युनिवर्सिटी, हैदराबाद का किस्‍सा है। खराब किताबों को अच्छी किताबें बना कर ठेलने का। विश्वविद्यालय के तेलुगु विभाग के रीडर उपन्यासकार थे और हिंदी विभाग की रीडर कहानीकार। दोनों ही औसत दर्जे के। अब दोनों के विभाग साथ साथ थे, तो रोज़ का साथ का उठना बैठना था। वे दोनों चाह कर भी अपने-अपने विषय के कोर्स में अपनी किताबें नहीं लगा सकते थे। लेकिन जहां चाह वहां राह।

दोनों किताबों के परस्पर अनुवाद कराये गये। अब हिंदी कहानीकार रीडर महोदया की अनूदित किताब तेलुगु में बीए के कोर्स में पढ़ायी जाने लगी और तेलुगु उपन्‍यासकार रीडर हिंदी के बीए में खपा लिये गये। दोनों खुश।

उमा शंकर जोशी -किताबों का सम्‍मान



उमा शंकर जोशी (21 जुलाई 1911 – 19 दिसम्‍बर 1988) प्रख्‍यात गुजराती कवि और स्‍कॉलर रहे। उन्‍हें कविता संग्रह निशीथ के लिए 1967 में ज्ञानपीठ सम्‍मान दिया गया था। एक मामूली अध्‍यापक से अपना कैरियर शुरू करते हुए वे गुजरात विश्‍वविद्यालय के उप कुलपति के पद तक पहुंचे। गुजराती जन मानस में उनके प्रति बहुत आदर है।
उनके पास बहुत से लेखक मित्र और प्रकाशक अपनी किताबें भेंट करने के लिए आते थे। सौजन्‍यवश वे किताबें स्‍वीकार करने से मना भी न कर पाते और चाह कर भी पढ़ने के लिए समय न निकाल पाते।
जब भी कोई लेखक अपनी किताब उन्‍हें सप्रेम भेंट करता तो वे भेंटकर्ता के सामने ही किताब दोनों हाथों में  थामते, पाँच सेकेंड के लिए आंखों से लगाते और फिर आंखें बंद करके 10 सेकेंड के लिए सीने से लगा लेते। तभी वे किताब नीचे रखते। भेंटकर्ता अपनी पुस्‍तक को इतने बड़े लेखक द्वारा दिये जा रहे सम्‍मान से गदगद हो जाता।
एक बार उनसे एक मित्र ने पूछा – मैं आपको भेंट की जाने वाली हर किताब को इसी तरह का सम्‍मान देते हुए देखता हूं। क्‍या सारी किताबें आपके लिए इतने सम्‍मान के योग्‍य होती हैं।
उमा शंकर जोशी बहुत भोलेपन से बोले – नहीं भाई, ऐसा तो नहीं है। लोग इतनी किताबें दे जाते हैं कि दस जनम में न पढ़ सकूं। अब यही करता हूं कि मैं किताब को पहले आंखों से और फिर दिल से लगाता हूं तो इस तरह किताब मेरे भीतर उतर जाती है। तब उसे पढ़ने की जरूरत नहीं रहती।
 उनके बारे में उनकी वेबसाइट umashankarjoshi.in से और जानकारी ली जा सकती है।

स्‍टीफन ज्‍वाइग की कहानी शतरंज



प्रसिद्ध लेखक स्‍टीफन ज्‍वाइग की एक कहानी शतरंज के खेल के बारे में है।

कहानी में एक कैदी है जिस पर मुकदमा चल रहा है। उसे इस अरसे में एक अकेली कोठरी में रखा गया है। कमरे में कुछ भी नहीं है। एक बार उसे सुनवाई के लिए दूसरी इमारत में ले जाया जाता है। कैदी सुनवाई वाले चेम्‍बर के बाहर अपनी बारी का इंतजार कर रहा है। तभी एक अधिकारी आता है और अपना ओवर कोट वहीं टाँग कर भीतर जाता है। कैदी को अचानक कोट की जेब से झांकती एक किताब नज़र आती है। किताब देख कर ही उसका ब्‍लड प्रेशर हाई हो जाता है। पढ़ने के लिए किताब....। वह अपने आपको रोक नहीं पाता और आखिर किताब चुरा ही लेता है।
जब तक वह सुनवाई के बाद अपनी कोठरी में नहीं पहुंच जाता, किताब का ख्‍याल उसे रोमांचित किये रहता है। वह बहुत प्‍यार से, उत्‍सुकता से किताब खोलता है। किताब देखते ही उसका सारा उत्‍साह मंद पड़ जाता है। किताब में विश्‍व प्रसिद्ध खिलाड़ियों की शतंरज की दो सौ चालें समझायी गयी हैं। वह किताब एक कोने  में फेंक देता है। लेकिन कहावत है कि न मामे से काणा मामा अच्‍छा होता है। वह किताब उठाता है और धीरे धीरे उसमें ध्‍यान  लगाता है। किताब में उसे रस आने लगता है। वह रोटी के टुकड़े बचा बचा कर उन्‍हें सुखाकर गोटियां बनाता है। फर्श पर लकीरें खींच कर शतरंज बनाता है। और दी गयी चालों के हिसाब से खेलता है। उसका समय अच्‍छा गुजरने लगता है।
एक अरसा बीत जाने पर वह सारी चालें इतनी बार खेल चुका है कि अब उसे खेलने के लिए शतरंज और गोटियों की जरूरत ही नहीं रही। उसे सारी चालें याद हो गयी हैं और वह मन ही मन खेल कर टाइम पास करता है।
बाद में छूटने पर एक बार वह समुद्री यात्रा कर रहा होता है। वहीं दो खिलाड़ियों में शतरंज का रोमांचक खेल चल रहा है। वह एक दर्शक की हैसियत से खेल में दखल देता है और अपनी चालों से सबको हैरान कर देता है। वहीं वह यह भेद खोलता है कि किस तरह से शतरंज की चालों वाली किताब चुरा कर उसने इस खेल में महारत हासिल की है।

सफदर हाशमी की किताबों पर कविता


सफदर हाशमी (12 अप्रैल 1954 – 2 जनवरी 1989) बेहतरीन नाट्य लेखक, अभिनेता, गीतकार, कवि और जुझारू रंगकर्मी थे। वे जन नाट्य मंच के नाम से दिल्‍ली और आसपास के इलाकों में नुक्‍कड़ नाटक करके जन जागृति की मुहिम चलाते थे। 2 जनवरी 1989 को जब वे साहिबाबाद में हल्‍ला बोल नाम का नुक्कड़ नाटक खेल रहे थे तो उन्‍मादी भीड़ ने उन पर जानलेवा हमला किया और वे शहीद हो गये थे। बच्‍चों के लिए उन्‍होंने बहुत खूबसूरत पोस्‍टर बनाये थे और कविताएं लिखी थीं।
आज किताबों पर उनकी एक खूबसूर कविता आपसे शेयर कर रहा हूं:

किताबें
करती हैं बातें
बीते ज़माने की
दुनिया की इंसानों की
आज की, कल की
एक - एक पल की
खुशियों की, ग़मों की
फूलों की, बमों की
जीत की, हार की
प्यार की, मार की !
क्या तुम नहीं सुनोगे
इन किताबों की बातें ?
किताबें कुछ कहना चाहती हैं
तुम्हारे पास रहना चाहती हैं |
किताबों में चिड़ियां चहचहाती हैं
किताबों में खेतियां लहलहाती हैं
किताबों में झरने गुनगुनाते हैं
परियों के किस्से सुनाते हैं |
किताबों में रोकेट का राज है
किताबों में साइंस की आवाज़ है
किताबों का कितना बड़ा संसार है
किताबों में ज्ञान का भंडार है |
क्या तुम इस संसार में
नहीं जाना चाहोगे ?
किताबें कुछ कहना चाहती हैं
तुम्हारे पास रहना चाहती हैं 

आयन रैंड के उपन्‍यास पढ़ने वाला कामचोर क्‍लर्क




ये किस्‍सा लखनऊ का है। एक आइएएस अधिकारी ट्रांसफर हो कर अपने नये विभाग में पहुंचा। उसने देखा कि वह जिस पैसेज से हो कर अपने चैंबर तक पहुंचता है, वहीं एक क्‍लर्क दिन भर उपन्‍यास ही पढ़ता रहता है। अधिकारी ने आते-जाते उसे कभी काम करते नहीं देखा। सैक्‍शन ऑफिसर को बुलवाया, पूछा उससे तो पता चला कि वह तो बरसों से कोई काम ही नहीं करता, बस जब देखो अंग्रेजी उपन्‍यास ही पढ़ता रहता है। आइएएस अधिकारी के कान खड़े हुए - तो इसका मतलब वह ऑफिस में उपन्‍यास पढ़ने का वेतन पा रहा है। जवाब मिला - क्‍या करें साहब, कोई भी काम दो, करता ही नहीं। पूछा गया – कब से चल रहा है ऐसा तो पता चला कि उसे तो हमेशा से उपन्‍यास पढ़ते ही देखा गया है।
अधिकारी ने तब कहा कि जरा पता लगाइये कि किस लेखक के उपन्‍यास पढ़ता है। पता चला कि इन दिनों आयन रैंड का उपन्‍यास एटलस श्रग्‍ड पढ़ रहा है।
अधिकारी ने तय कर लिया कि क्या करना है। उसने अपने कॉलेज के दिनों में ये उपन्‍यास पढ़ रखा था। फिर से खोज कर पढ़ना शुरू किया। आयन रैंड का फाउंटेनहैड और दूसरे उपन्‍यास भी अच्‍छी तरह पढ़ लिये।
एक दिन चाय के समय क्‍लर्क को अपने चैम्‍बर में बुलवाया। इधर-उधर की बातें शुरू कीं। क्‍लर्क हाथ ही न धरने दे। अधिकारी धीरे-धीरे बात आयन रैंड पर ले आया और बताया कि वह मेरी भी प्रिय लेखिका है। उनके रचे कई पात्रों की बातें कीं तो क्‍लर्क थोड़ा खुला।
अब अधिकारी अक्‍सर क्‍लर्क को बुलवा भेजता और सिर्फ उपन्‍यासों की ही बात करता। अपनी पसंद और उसकी पसंद की किताबों का आदान-प्रदान शुरू किया। थोड़ा समय लगा क्‍लर्क को लाइन पर लाने में कि वह सहज हो कर बात कर सके।
एक दिन अधिकारी ने क्‍लर्क को अपने विश्‍वास में लेते हुए कहा- यार, एक परेशानी है। तुम्‍हारी मदद चाहिये।
क्‍लर्क अब न कहने की स्‍थिति में नहीं था- आप आदेश दीजिये।
- इस ऑफिस का रिकार्ड मेन्‍टेंनेस सिस्‍टम बहुत खराब है। तुम कुछ कर सकते हो क्‍या।
क्‍लर्क ने आश्‍वस्‍त किया - हो जायेगा साहब।

ये किस्‍सा यहां पूरा होता है कि उस नाकारा क्‍लर्क का बनाया हुआ रिकार्ड सिस्‍टम आइएएस अकादमी मसूरी में बरसों तक पढ़ाया जाता रहा।

पाठक की चिंता और विमल मित्र का लेखन



बांग्‍ला उपन्‍यासकार विमल मित्र (1912–1991) जितने प्रसिद्ध बांग्‍ला में थे, उतने ही चाव से हिंदी में भी पढ़े जाते थे। उन्‍होंने सौ भी अधिक उपन्‍यास और सैकड़ों कहानियां लिखी। उनके उपन्‍यास पर 1953 में साहिब बीवी और गुलाम पर फिल्‍म भी बनी थी और उन्‍हें सर्वश्रेष्‍ठ फिल्‍म लेखन के लिए फिल्‍म फेयर एवार्ड मिला था। वे कई बार अठारह अठारह घंटे तक लिखते रहते थे।

एक बार एक युवक उनसे मिलने आया और उनके पैर छू कर उनके पास बैठ गया और रोने लगा। '
वे हैरान हुए। पूछा- भाई तुम कौन हो और क्‍यों रो रहे हो। मैं तुम्‍हारी क्‍या मदद कर सकता हूं।
युवक ने कहा कि फलां पत्रिका में आपका एक धारावाहिक उपन्‍यास चल रहा है।
विमल जी ने कहा – हां चल तो रहा है।
युवक ने आगे कहा - उसकी नायिका एक बीमार युवती है।
विमल बाबू – हां है तो, फिर
युवक – उपन्‍यास की कथा जिस तरह से आगे बढ़ रही है, तय है कि अगले एकाध अंक के बाद आप नायिका को मार देंगे।
विमल बाबू – लेकिन पात्रों को जीवित रखना या मार देना लेखक के हाथ में थोड़े ही होता है। अब जैसी कहानी आगे बढ़े .. लेकिन तुम ये सब क्‍यों पूछ रहे हो और रो क्‍यों रहे हो।
युवक फिर रोने लगा - दरअसल मेरी बहन को भी वही बीमारी है जो आपके उपन्‍यास की नायिका को है। वह लगातार उपन्‍यास पढ़ रही है। अगर आपने नायिका को मार दिया तो मेरी बहन भी नहीं बच पायेगी। वह फिर से उनके पैरों पर गिर पड़ा – मेरी बहन को बचा लीजिये साहब। 

बिना किताबों वाला घर



ये किस्‍सा एक प्रसिद्ध बांग्‍ला उपन्‍यासकार का है। उनकी बेटी बड़ी हुई तो कई अच्‍छे अच्‍छे रिश्‍ते आने लगे। ऐसा ही एक रिश्‍ता दूर कस्‍बे में बसे एक बहुत बड़े जमींदार के घर से आया। हमारे उपन्‍यासकार महोदय अपनी पत्‍नी के साथ घर-बार देखने ट्रेन से गये। स्‍टेशन पर शानदार बग्‍घी लेने आयी थी। आगे-पीछे चार घुड़सवार। जमींदार के महल में दोनों की बहुत खातिरदारी हुई। किसी किस्‍म की कोई कमी नहीं। शानौ-शौकत सब आला दरजे की। सैकड़ों बीघा खेत, नौकर चाकर, हाथी घोड़े और दुनिया भर के ऐशो-आराम का इंतज़ाम।
वापसी में दोनों को कीमती उपहारों से लाद दिया गया। ट्रेन चली तो उपन्‍यासकार की पत्‍नी बेहद खुश हो कर बोली – घर बैठे हमें कितना अच्‍छा वर और घर-बार मिल रहा है। हमारी बेटी के तो भाग खुल गये। बेटी राज करेगी हमारी।
उपन्‍यासकार महोदय तुनक कर बोले – राज तो तब करेगी जब हम इस घर में उसकी शादी करेंगे।
बीवी चौंकी - क्‍या मतलब? क्‍या कमी नज़र आयी आपको इस घर में। सब कुछ तो आला दरजे का था।
तब उपन्‍यासकार महोदय ने आराम से बताया – तुम दिन भर महल जैसे घर में रही। सब कुछ देखा-भाला। माना, वहां किसी भी चीज़ की कमी नहीं थी लेकिन भागवान, तुम्‍हीं बताओ, पूरे महल में तुम्‍हें एक भी किताब नज़र आयी?
तब उन्‍होंने ठंडी सांस भरते हुए कहा – हमारी बेटी सारी उम्र हज़ारों किताबों के बीच बड़ी हुई है। बिना किताबों वाले घर में तो एक दिन में पागल हो जायेगी।

ये किस्‍सा बलाई चंद मुखोपाध्‍याय ,(1899-1979) का है जो बनफूल के नाम से लिखते थे। वे उपन्‍यासकार , नाटककार कवि थे। उनके उपन्‍यासों पर कई फिल्‍में बनी हैं। भुवनसोम उनके उपन्‍यास पर ही बनी थी।

शनिवार, 11 अप्रैल 2015

ये किस्‍सा एक खराब किताब का



कुछ बरस पहले मुंबई में एक साहित्यिक आयोजन चल रहा था। कई वरिष्ठ रचनाकार बाहर से आये थे। उस वक्‍त निर्मल वर्मा जी वक्‍ता के रूप में अपनी बात कह रहे थे। पिछले दिन के सत्रों की खबर तस्‍वीरों सहित अखबारों में छपी थीं। रमेश चंद्र शाह आदि मंच पर थे।
तभी सफारी सूट पहने एक सज्‍जन भीतर आये। वे मझौले लेवल के कारोबारी आदमी लग रहे थे। मंच की तरफ देखा तक नहीं कि कौन हैं वहां। आस पास का जायजा लिया और बाहर खड़े अपने ड्राइवर को इशारा किया। दो मिनट में ही उनका ड्राइवर किताबों के दो बंडल लिये अंदर आ गया। अब जनाब एक-एक आदमी के पास जा कर उसका नाम पूछ कर किताबें भेंट करने लगे। प्रिय भाई अलां को सप्रेम भेंट और फलां को सप्रेम भेंट। मेरे पास भी आये, नाम पूछा, आंखें मिलाने या अपना नाम बताने की ज़रूरत नहीं समझी और एक सप्रेम भेंट टिका गये। किताब देखी - उनकी पीएचडी की थीसिस थी। कविता में रस और रस में कविता टाइप कुछ नाम था।
शाम को डिनर का प्रोग्राम था इसलिए मैं कपड़े बदल कर जब पांच बजे के करीब घर से वापिस आया तो वही सज्‍जन अपनी थीसिस के अगले बंडल निपटा रहे थे। भला रोज़ रोज़ थोड़े ही मिलते हैं इतने सारे गुण ग्राहक एक साथ। अख़बार में खबर देख कर बीवी ने साफ साफ कह दिया होगा कि जाओ सारी किताबें आज ही निपटा कर आओ। वरना....  ये  वरना ही उन्‍हें अपना धंधा छुड़वा कर ये नेक काम करवा रहा होगा।
अभी मैं बैठा ही था कि एक बार फिर मेरे पास आ कर मेरा नाम पूछने लगे। मैंने बताया - सुल्‍तान अहमद। एक और सप्रेम भेंट - सुल्‍तान अहमद के नाम।
दोनों प्रतियां मेरी कार में कई दिन तक रखी रहीं। एक दिन हिन्‍दी भाषी मेकैनिक कार में कब से रखी इस किताब के पन्ने पलट के देख रहा था, तो तुरंत उसे थमा दी। वापिस न लेने की शर्त पर।
अब इस पूरे प्रसंग में उन पीएचडी भाई साहब, मेरा या मेकैनिक का क्‍या कसूर। एक सही किताब एक गलत हाथ से दूसरे गलत हाथ में जाती रही और अपने दुर्भाग्‍य को कोसती रही।
अगले रविवार किताबों का एक और रोचक किस्‍सा।

अच्‍छी किताब ने पिटाई से बचाया


इस बार का किस्‍सा मेरे बेटे अभिजित की जुबानी


           मैं तब नाइंथ में था। सेंट्रल स्‍कूल आइआइटी, पवई में पढ़ता था। उन दिनों पापा ऐन फ्रैंक की डायरी का अनुवाद कर रहे थे। जब तक अनुवाद पूरा न हो जाये, मुझे किताब को हाथ को लगाने की अनुमति नहीं थी। आखिर अनुवाद पूरा हुआ और किताब मुझे मिली।  मैंने किताब स्‍कूल बैग में डाली और स्‍कूल बस में ही पढ़ना शुरू कर दिया। अब किताब में इतना मन रमा कि छोड़ने को दिल ही न करे। स्‍कूल पहुंच कर भी डेस्‍क के भीतर किताब खोल कर बीच बीच में पढ़ता रहा।
          तीसरे पीरियड तक आते आते ये हालत हो गयी कि किताब खोल कर सिर झुका कर लगातार पढ़ने लगा। पता ही नहीं चला कि कब इंगलिश की टीचर मिसेज भसीन आयीं और पढ़ाना शुरू कर दिया। अपन राम तो ऐन फ्रैंक में मस्‍त। मिसेज भसीन ने देखा कि मेरा ध्‍यान क्‍लास में नहीं है। एटैंडेंस में मैंने यस मैम भी नहीं बोला था। उन्‍होंने दो तीन बार मेरा नाम पुकारा लेकिन सुनायी किसे देना था। पूरी क्‍लास में सन्नाटा। मिसेज भसीन मेरे सिर पर आ कर खड़ी हो गयीं और बोली - क्‍या पढ़ रहे हो अभिजित?
      मैडम को सिर पर खड़ा देख कर मेरे तो हाथ पैर फूल गये। मैडम बहुत कड़क थी। तय था आज जम के पिटाई होगी। मुंह से मैं.. मैं .. ही निकल पाया। मैडम ने मेरे हाथ से किताब ली और टाइटल देख कर पूछा – कहां से लाये?
     - पापा की लाइब्रेरी से, सॉरी मैडम, अब आगे से..।
     - जब पढ़ लो तो मुझे देना। मैंने नहीं पढ़ी है। कह कर मैडम ब्‍लैक बोर्ड की तरफ बढ़ गयीं।
     आप समझ सकते हैं कि मैंने कितनी राहत की सांस ली होगी। एक अच्छी किताब ने पूरी क्‍लास के सामने मेरी दुर्गत होने से बचा लिया था।

     अगले रविवार एक और रोचक किस्‍सा किताबों का।

45 बरस बाद मिला किताब को उसका पहला पाठक लेकिन उसे किताब नहीं दी गयी



बात 2008 की है। तब मैं पुणे में था और मेरे कथाकार मित्र राज कुमार राकेश शिमला में थे। संयोग से हम दोनों ही उस समय (एक दूसरे की जानकारी के बिना) बर्ट्रेंड रसेल की आत्‍म कथा पढ़ रहे थे। किताब की भूमिका लिखी है माइकल फुट ने। 95 वर्षीय फुट इंगलैंड के जाने माने लेखक, पत्रकार और सुदीर्घजीवी एमपी रहे हैं। बर्ट्रेंड रसेल को 1950 में नोबेल पुरस्‍कार मिला था।
अब जी, राकेश जी को तलब लगी कि बर्ट्रेंड रसेल साहब की लिखी किताब अन्‍आर्मड विक्‍टरी पढ़ें। ये किताब बहुत कुछ समेटे हुए है। चीन युद्ध को ले कर नेहरू, चाऊ एन लाई  और बर्ट्रेंड रसेल के बीच हुई खतो-किताबत, क्‍यूबा मसले पर कमेंटरी और अमेरिका और रूस की दादागिरी के भीतरी किस्‍से। 1963 में छपी ये किताब भारत में आयी लेकिन तुरंत बैन कर दी गयी थी। किताब मिली नहीं कहीं भी उन्‍हें। दिल्‍ली तक पूछ के देख लिया। मुझसे कहा तो मैंने अपनी लाइब्रेरी, ब्रिटिश लाइब्रेरी और लैंड मार्क सब जगह तलाशी, किताब नहीं ही मिली। भला 1963 में छपी और प्रतिबंधित किताब इतनी आसानी से थोड़े ही मिलेगी।
अचानक उन्‍हें सूझा और वे गाड़ी उठा कर सीधे शिमला स्थित इंस्‍टीट्यूट ऑफ एडवांस स्‍टडीज में जा पहुंचे। किताब वहां थी। निकलवायी गयी। राकेश जी खुश लेकिन लाइब्रेरियन जी खुश नहीं। उन्‍होंने किताब देने से मना कर दिया कि नहीं दे सकते। डाइरेक्‍टर, कोई फैकल्‍टी, रिसर्च स्‍कालर, फैलो या स्‍टाफ ही इस किताब की कभी भी मांग कर सकता है। हम उनकी अनदेखी करके बाहर वाले को किताब कैसे दे सकते हैं। झगड़े और मारपीट की नौबत आ गयी। आखिर एक संकाय सदस्‍य के बीच बचाव करने पर राकेश को किताब दिखायी गयी। किताब देखते ही सब के मुंह पर ताला लग गया। यह किताब संस्थान द्वारा 1963 में खरीदी गयी थी और इस घटना के दिन तक यानी पिछले 45 बरस में एक बार भी जारी नहीं करायी गयी थी।
बेचारे बर्ट्रेंड रसेल और बेचारी उनकी किताब 'अन्‍आर्मड विक्‍टरी'। लेकिन हमारे राकेश जी भी कम नहीं। किसी तरह से स्‍टाफ के नाम से किताब जारी करवायी और रातों रात उसकी फोटो कॉपी करके अपनी जिद पूरी की। किताब उनके अनमोल खजाने में है।

अगले रविवार किताबों का एक और रोचक किस्‍सा।

जॉर्ज बर्नार्ड शॉ की किताब फुटपाथ पर


जॉर्ज बर्नार्ड शॉ एक दिन फुटपाथ पर लगे किताबों के ठीये के पास से गुज़र रहे थे तो उन्‍हें सामने पुरानी किताबों के ढेर में अपनी एक किताब नज़र आयी। उनकी यह देखने की उत्‍सुकता स्वाभाविक थी कि इस किताब का फुटपाथ तक पहुंचने का रूट क्‍या रहा होगा। उन्‍होंने किताब उठायी तो देखा कि अरे, ये प्रति तो वे अरसा पहले एक मित्र को भेंट कर चुके थे और उस पर उनका खुद का लिखा सप्रेम भेंट और उनके हस्ताक्षर भी हैं। उन्‍होंने किताब वाले से पूछा कि कितने में दी ये किताब तो उसने बताया एक पाउंड। बर्नार्ड शॉ बिगड़े - लूट मचा रखी है क्‍या, ये मेरी लिखी किताब है और तू एक पाउंड मांग रहा है, ला दे बीस पेंस में। और वे उसे रेजगारी थमा के किताब घर ले आये। आराम से बैठ कर किताब साफ की। पहली भेंट के नीचे लिखा, तुम्‍हें पुनः भेंट प्रिय मित्र, उस पर हस्ताक्षर किये, तारीख डाली और नौकर के हाथ किताब उस अभागे मित्र के पास दोबारा भिजवा दी।
हर सोम वार किताबों का एक रोचक किस्‍सा शेयर करेंगे।

हम कौन सी किताबें पढ़ते हैं- कुछ नोट्स



सबसे ज्‍यादा वे किताबें पढ़ी जाती हैं जो पाठक कहीं से चुरा कर लाता है। किताब चुराने का  जोखिम तभी उठाया जायेगा जब किताब नजर तो आ रही हो लेकिन हमारे पास न हो। कई बड़े लेखक किताब चोर रहे हैं। ये एक कला है।
फिर उन किताबों का नम्‍बर आता है जिन्‍हें हम उधार मांग कर तो लाते हैं लेकिन वापिस नहीं करते। करना ही नहीं चाहते। जिसके यहां से  उधार लाये थे, उसके घर आने पर छुपा देते हैं।
फुटपाथ पर बिक रही अचानक नज़र आ गयी वे किताबें भी खूब पढ़ी जाती हैं जिनकी हम कब से तलाश कर रहे थे।
पूरे पैसे दे कर खरीदी गयी किताबें भी अपना नम्‍बर आने पर आधी अधूरी पढ़ ही ली जाती हैं।
लाइब्रेरी से लायी गयी किताबें पूरी नहीं पढ़ी जातीं और उन्‍हें वापिस करने का वक्‍त आ जाता है।
रोज़ाना डाक में उपहार में आने वाली या किसी आयोजन में अचानक लेखक के सामने पड़ जाने पर भेंट कर दी गयी किताबें कभी नहीं पढ़ी जातीं। कई बार तो भेंट की गयी किताबें भेंटकर्ता के जाते ही किसी और पाठक के पास ठेल दी जाती हैं। वह आगे ठेलने की सोचता रहे या बिन पढ़े एक कोने में रखे रहे।
कोर्स की किताबें पढ़ने में हमारी नानी मरती है और समीक्षा के लिए आयी किताबें भी तब तक पढ़े जाने का इंतज़ार करती रहती हैं जब तक संपादक की तरफ से चार बार अल्‍टीमेटम न मिल जाये। तब भी वे कितनी पढ़ी जाती हैं। हम जानते हैं।
पुस्‍तक मेलों में खरीदी गयी किताबें भी पूरे पढ़े जाने का इंतज़ार करते करते थक जाती हैं और अगला पुस्‍तक मेला सिर पर आ खड़ा होता है।
यात्रा में टाइम पास करने के लिए स्‍टेशन, बस अड्डे या एयरपोर्ट पर खरीदी गयी किताबें यात्रा में जितनी पढ़ ली जायें, उतना ही, बाकी वे कहीं कोने में या बैग ही में पड़े-पड़े अपनी कहानी का अंत बताने के लिए बेचैन अपने इकलौते पाठक को वक्‍त मिलने का इंतज़ार करती रहती हैं।
हर व्‍यक्‍तिगत लाइब्रेरी में लगातार कम से कम 40 प्रतिशत ऐसी अनचाही किताबें जुड़ती जाती हैं, जो एक बार भी नहीं खुलती। इनमें किताबों का कोई कसूर नहीं होता जितना उनका गलती से वहां पहुंच जाने का होता है।

ये मेरे नोट्स हैं। आपके अनुभव निश्‍चित रूप से अलग हो सकते हैं। जानना रुचिकर होगा।