शुक्रवार, 24 जनवरी 2020

Jallianwala Bagh|Theatre Play||Trailer| | Directed by Ashok Banthia|

Not Equal To Love

Ab Diwali by Suraj Prakash

Ab Diwali by Suraj Prakash

Ab Diwali by Suraj Prakash

बुधवार, 22 जनवरी 2020

कहानी संग्रह Kahani Sangrah 137 अल्बर्ट सूरज प्रकाश Suraj Praka

first hindi story of suraj prakash Albert सूरज प्रकाश की पहली कहानी अल्बर्ट

करोड़पति : सूरज प्रकाश Crorepati : Suraj Prakash

कहानी संग्रह Kahani Sangrah 138: रंग–बदरंग (सूरज प्रकाश Suraj Prakash)

कहानी संग्रह Kahani Sangrah 139: खो जाते हैं घर (सूरज प्रकाश Suraj Prakash)

सूरज प्रकाश जी : लेखक व अनुवादक : आईये जाने उनके बारे में रोचक तथ्य

गुरुवार, 29 अगस्त 2019

एक लुप्त हो रही भाषा को बचाने की कोशिश


विभाजन के समय पाकिस्तान के सरायकी इलाके (झंग, मुल्तान, बन्नू, कुहाट, डेरा गाजी खान, डेरा इस्माइल खान वगैरा से लाखों लोग दर बदर होकर इस तरफ आए थे और देश में जहां भी संभव हुआ, बस गए थे। बहुत सारे सरायकी लोग मुंबई की तरफ भी आए होंगे। अपनी जमीन से बिछुड़ने के दूसरे हादसों के साथ जो सबसे ज्यादा नुकसान उन लोगों को उठाना पड़ा था वह था कि उनकी लिखने पढ़ने की भाषा वहीं रह गई थी और सिर्फ बोली ही उनके साथ आयी थी। वह बोली भी दूसरी तीसरी पीढ़ी के आते आते अब अंतिम सांसें ले रही है।
आपको यह जानकर हैरानी होगी कि पाकिस्तान में अभी भी 2 करोड़ लोग सरायकी भाषा लिखते पढ़ते और बोलते हैं और इस भाषा में वहां पर फिल्में बनती हैं और मुल्तान यूनिवर्सिटी में सरायकी विभाग भी है और पीएचडी तक की पढ़ाई होती है। सरायकी भाषा में अच्छा खासा साहित्‍य लिखा जाता है। हम पिछली पीढ़ी के लोग ही कभी कभार घर पर ही अपनी बोली बानी बोल कर खुश हो लेते हैं। आज की पीढ़ी शायद ही अपनी बोली में बात करती हो। ये बहुत बड़ा खतरा है एक शानदार और मुहावरेदार भाषा के खत्म हो जाने का।
इस बात की कोशिश है कि हम मुंबई में बसे सरायकी लोग इस बात की गंभीरता को समझें और आपस में मिल जुल कर अपनी विलुप्त हो रही भाषा को बचाने की कोशिश करें। दिल्ली में ये कोशिश मलिक राज राजकुमार और उनके साथी कर रहे हैं और उन्होंने फेसबुक पर अपनी बोली मुल्तानी पेज बनाया है जिसमें 100000 से अधिक सदस्य हैं। दिल्ली में रेडियो पर भी सरायकी में प्रोग्राम देने शुरू किये जा चुके हैं।
इच्छा है कि मुंबई में भी उन इलाकों से आ कर बसे सभी साथियों का एक समूह बनाया जाए और आपस में संवाद स्थापित किया जाए।
यदि आप भी उन इलाकों से हैं और चाहते हैं कि हम भी अपनी भाषा के लिए कुछ करें तो सहमति दें। हम जल्दी ही मिलने के लिए कोई प्लेटफार्म बनाते हैं।
मेरे माता पिता बन्नू से आए थे और नौकरी के चक्कर में देहरादून में बस गए थे। मैं खुद रिजर्व बैंक की नौकरी में रहा और पिछले 37 बरस से मुंबई में हूं।
आप अपने डिटेल्स दे सकते हैं। जल्द ही हम सब मिलकर
कुछ ठोस काम करने के बारे में सोचते हैं।
आपसे ये भी अनुरोध है कि इस संदेश को अपने परिचित सरायकी बंधुओं तक पहुंचाएं। 

मंगलवार, 27 अगस्त 2019

वक्त आ गया है कि वृक्षों की खेती की जाए - सुंदरलाल बहुगुणा



आज मुंबई के नवभारत टाइम्स में। एक देवतुल्य व्यक्तित्व से मुलाकात।
पढ़ने की सुविधा के लिए मूल लेख दे रहा हूं
पिछले दिनों की देहरादून की यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि रही चिपको आंदोलन के प्रणेता देवतुल्य पद्म विभूषण सुंदरलाल बहुगुणा जी से मिलना। बहुगुणा जी अपनी बेटी और दामाद के पास रहते हैं और प्रसिद्ध पर्यारणविद और प्रखर पत्रकार उनके पुत्र राजीव नयन बहु्गुणा जब देहरादून में होते हैं तो उनके आसपास ही बने रहते हैं।
जब मैं बहुगुणा जी से मिलने पहुंचा तो तीसरी मंजिल की छत पर लेटे हुए धूप सेंक रहे थे। निश्चित ही वे छत पर खुद ही आये होंगे। बेहद आकर्षक व्यक्तित्व, लंबी सफेद दाढ़ी और पतली लेकिन सीधी तनी काया। जब वे धीमे धीमे बात करते हैं और बीच बीच में बच्चों जैसी निश्छल हँसी हँसते हैं तो जी करता है बस, उनकी बातें सुनते रहें। उनके पास स्मृतियों का अद्भुत खजाना है।
वे बात शुरू करते हुए बताते हैं कि हमारे ऋषियों ने कहा है कि एक पेड़ दस पुत्रों के समान होता है। जीने के लिए सबसे जरूरी हैं आक्सीजन और पानी। पेड़ होंगे तो आक्सीजन भी मिलेगी और जमीन इस लायक भी होगी कि पानी के बहाव को रोक सके। आप बाकी चीजें तो जुटा सकते हैं लेकिन आक्सीजन कहां से लायेंगे। भारतीय संस्कृति का विकास जंगलों में ही हुआ है। वहां ऋषि मुनि रहते थे और जीवन यापन करते थे, वे अपने वातावरण के प्रति बहुत सतर्क थे जबकि हमारा सिस्टम ही वनों का दुश्मन है। 
वे बताते हैं कि इंदिरा गांधी पर्यावरण के पति बहुत सतर्क थीं। उन्हीं के आदेशों के चलते पन्द्रह बरसों के लिए पेड़ों के कटान पर रोक लगी थी। उन्होंने राज्यों से कह रखा था कि एक पेड़ भी काटा गया तो ग्रांट बंद हो जाएगी। अभी भी एक हजार फुट से ऊपर के इलाकों पर पेड़ कटने बंद हैं। तभी राजीव नयन ने बताया कि गंगोत्री और बदरी नाथ वगैरह से ऋषिकेश तक सड़कें चौड़ी करने के लिए पचास हजार पेड़ों की बलि दी जा रही है और गलत तरीकों से की जा रही इस कटान से दस मजदूर मर चुके हैं। वे चिंता व्यक्त करते हैं कि पहाड़ों पर फोर लेन सड़कें बना कर कारें सरपट दौड़ाने की क्या जरूरत है।
सुंदरलाल बहुगुणा जी ने न केवल पेड़ बचाने के लिए आंदोलन और उपवास किये थे, वे टिहरी बांध बनने के लिए भी वे लंबे उपवास पर बैठे थे। वे मानते हैं कि वनों की उपज पर पहला हक वहां के निवासियों का होता है न कि सबसे ज्यादा कीमत देने वाले ठेकेदारों का।
वे आगे बताते हैं कि जंगलों का सबसे ज्यादा नुक्सान अंग्रेजों ने किया। वे पहाड़ों पर चीड़ के वन लगा गये। चीड़ कारोबारी रूप से कमाऊ दरख्त है लेकिन प्रकृति का संतुलन बिगाड़ता है। इसकी पत्तियां अम्लीय होती हैं और जमीन को भी अम्लीय बाती हैं। चीड़ की जड़ें पानी को रोकती नहीं और इन पेड़ों के नीचे कुछ उगता नहीं। अब अंग्रेज ठहरे व्यापारी। चीड़ के लट्ठे नदियों में बहा कर नीचे तक लाते और अच्छी कमाई करते। नतीजा ये हुआ कि पहाडों पर गरीबी बहुत हो गयी। पहले वहां मनुष्य और जमीन का अनुपात बहुत अच्छा था। लोग कम थे और जमीन ज्यादा थी। अब वहां गरीबी सबसे ज्यादा है।
नदियों के प्रदूषण पर बात चलने वे कहते हैं कि पहाड़ों पर नदी सर्पाकार चलती है, ऊपर से नीचे की ओर दोनों कूलों से टकराती हुई बहती है तो इस तरह से पहाड़ों से टकरा कर अपने आपको साफ करती चलती रहती है लेकिन नीचे उतरने के बाद उसमें हर तरह की गंदगी डाली जाती है। अब नदियों को गंदा होने से बचाने के बजाये सारा धन और श्रम नदियों की सफाई पर खर्च किया जा रहा है। ये तरीका गलत है।
वे पानी की कमी पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए बताते हैं कि जिस पानी के लिए मुगल बादशाह प्याऊ लगाते थे वही पानी अब बोतलों में बिक रहा है। साफ पानी अब सबसे बड़ी समस्या हो गयी है। ऐसा कब तक चलेगा।
अपने पुराने साथियों को याद करते हुए वे अपने साथी कवि घनश्याम सैलानी और कुंवर प्रसून के नाम लेते हैं। बताते हैं कि स्वास्थ्य के कारणों से वे अब देहरादून ही रहते हैं तो बाकी साथियों से मिलना नहीं हो पाता।
अपनी सबसे लंबी यात्रा के बारे में वे उत्साह से बताते हैं - मैं 1981 से 1983 तक 4867 किमी की कश्मीर से कोहिमा की यात्रा पर निकला था। मध्य हिमालय से होते हुए कश्मीर से उत्तराखंड, नेपाल, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, भूटान और अरुणांचल प्रदेश होते हुए कोहिमा तक पहुंचा था। इस यात्रा में तीन सौ दिन लगे थे और ये यात्रा बिना पैसे के की गयी थी। सब जगह बच्चे मेरा पिट्ठू बैग देख कर हिप्पी हिप्पी चिल्लाते। मैं स्थानीय निवासियों और बच्चों के साथ पेड़ों और पर्यावरण की बात करता। लोग मुझसे पूछते कि आप खायेंगे कहां और रहेंगे कहां। मैं सबसे कहता कि अपने घर से मेरे लिए एक रोटी ले आओ। इस चक्कर में पचासों रोटियां जमा हो जातीं। सारे गांव वाले हैरान हो जाते कि एक रोटी वाला कौन आया है भाई। वैसे यात्रा में और लोग जुड़ते जाते थे लेकिन चला मैं अकेला ही था। कश्मीर में शेख अब्दुल्ला ने एक फारेस्ट कंजरवेटर सरदार सोहन सिंह को मेरे साथ लगा दिया था कि इन्हें कश्मीर के बाहर तक छोड़ आओ।
बहुगुणा जी बताते हैं - तेरह बरस की उम्र में सावर्जनिक जीवन में आ गया था। नौकरी की नहीं कभी। बस एक कम बाद एक मिशन इस जान के साथ जुड़ते चले गये।
जब मैं उनकी उम्र पूछता हूं तो वे बाल सुलभ हँसी के साथ बताते हैं कि 91 पार कर चुका बौर शतक पूरा करूंगा।
मनुष्य और प्रकृति के रिश्ते को बेहतर बनाने के लिए वे बताते हैं कि अब तो एक ही तरीका बचता है कि वृक्षों की खेती की जाए। ऐसे फलदार वृक्ष लगाए जाएं जिनकी न्यूट्रीशन वैल्यू बहुत ज्यादा होती है जैसे कि अखरोट। इनसे आक्सीजन भी मिलती है और पानी का बहाव भी रुकता है।
वे आखिर में एक गीत सुनाते हैं जिसकी शुरू की पंक्तियां इस तरह से हैं- 
धन्यवाद ए प्रभु तेरा
हम करते बारम्बार
वृक्षों का कर सृजन निकट से 
करता हमको प्यार
प्राण वायु इनसे मिल पायी
भोजन जल की है बहुतायी।
मैं अपने आपको खुशकिस्मत मानता हूं कि उनके विराट व्यक्तित्व के दर्शन करने और उनके सानिध्य में कुछ घंटे बिताने का मौका मिला। वे सौ बरस जीने की अपनी इच्छा पूरी करें।

बोध कथा - बर्तनों के बच्चे

बोध कथा - बर्तनों के बच्चे
बचपन में ये कथा सुनी थी।
अब बोध कथा के रूप में प्रस्तुत है।
एक गांव में रहने के लिए एक नया शहरी आया। चाय पानी के बहाने सबसे मेल जोल बढ़ाया।
एक दिन वह गांव के सबसे धनी आदमी के घर पहुंचा और बोला - शहर से कुछ मेहमान आने वाले हैं। खाना बनाने के लिए बर्तन कम पड़ रहे हैं। थोड़े से बर्तन उधार दे दीजिये, शाम को लौटा दूंगा।
अब भला बर्तनों के लिए कौन मना करता है। उन्होंने गिन कर ढेर सारे बर्तन दे दिए।
शाम को जब बर्तन वापिस आए तो धनी आदमी ने देखा कि दो एक कटोरी और कुछ चम्मच ज्यादा हैं। पूछने पर शहरी ने लापरवाही से बताया कि बर्तनों ने बच्चे दे दिए होंगे। धनी आदमी हैरान - ये तो अनहोनी बात है कि बर्तन भी बच्चे देते हैं। अब वह भला घर आए अतिरिक्त बर्तनों को कैसे ठुकराता।
अब तो ये अक्सर होने लगा। बर्तन मांगे जाते और शाम को कुछ अतिरिक्त बर्तन भी मिल जाते। धनी व्यक्ति खुश।
अब होने ये लगा कि बहुत ज्यादा बर्तन मांगे जाने लगे और बच्चों के रूप में बर्तन भी बड़े और ज्यादा आने लगे।
एक दिन हुआ ये कि शहरी आदमी ढेर सारे बर्तन ले गया और कई दिन तक वापिस ही नहीं किए। सेठ घबराया और खुद चल कर शहरी के घर पहुंचा और बर्तनों के बारे में पूछा।
शहरी आदमी लापरवाही से बोला - वो ऐसा हुआ कि बीती रात सारे बर्तन मर गए।
सेठ हैरान - भला बर्तन कैसे मर सकते हैं।
शहरी बोला - ठीक उसी तरह से जिस तरह से बर्तनों के बच्चे हो रहे थे।
इस बोध कथा का उस देश से कुछ लेना देना नहीं है जहां पहले कुछ चतुर लोग बैंकों से पैसा उठा कर वक्त पर लौटाते भी रहते हैं और बैंक कर्मियों को कीमती उपहार दे कर खुश रखते हैं।
फिर एक दिन आता है कि बैंकों से चतुर लोगों के पास गया सारा धन खुदकुशी कर लेता है। सुसाइड नोट भी नहीं मिलता।
कर लो जो करना है।

अच्‍छी किताबें पाठकों की मोहताज नहीं होतीं


अच्‍छी किताबें पाठकों की मोहताज नहीं होतीं। वे अपने पाठक खुद ढूंढ लेती हैं। उन्‍हें कहीं नहीं जाना पड़ता। पाठक भी अच्‍छी किताबों की तलाश में भटकते रहते हैं। अच्‍छी किताबें पा लेने पर पाठक की खुशी का ठिकाना नहीं रहता। किताबें जितनी ज्‍यादा पीले कागज़़ वाली, पुरानेपन की हल्‍की-सी गंध लिये और हाथ लगाते ही फटने-फटने को होती हैं, उतनी ही ज्‍यादा कीमती और प्रिय होती हैं। किताबें जितनी ज्‍यादा मुड़ी-तुड़ी, कोनों से फटी हुई और पन्‍ना-पन्‍ना अलग हो चुकी होती हैं, उनके नसीब में उतने ही ज्‍यादा पाठक आये होते हैं।
अच्‍छी किताबें अक्‍सर अपने घर का रास्‍ता भूल जाती हैं और दर-दर भटकते हुए नये-नये पाठकों के घर पहुंचती रहती हैं। खराब किताबें सजी-संवरी एक कोने में बैठी अपने पाठक की राह देखती टेसुए बहाती रहती हैं। बदकिस्मती से गलत जगह पड़ी अच्‍छी किताबें भी अपने पाठक की राह देखते-देखते दम तोड़ देती हैं और उनमें भरा सारा ज्ञान सूख जाता है।
अच्‍छी किताबें अच्‍छे पाठकों को देखते ही खिल उठती हैं और खराब पाठकों की सोहबत में कुम्हलाती रहती हैं। किताब खराब हो और पाठक अच्‍छा हो तो भी बात नहीं बनती। किताबें हिंसक तो हो ही नहीं सकतीं। किताबें न तो कभी हम पर छींटाकशी करती हैं और न ही कभी गुस्सा होती हैं। हम उनके पास कभी जायें तो वे हमें सोते हुए नज़र नहीं आयेंगी। हम उनसे कुछ भी जानकारी मांगें या कोई भी उलटा-सीधा सवाल पूछें, वे तब भी हमसे कुछ भी नहीं छिपायेंगी। किताबें उदारमना होती हैं।
हम उनके साथ शरारत करें तो भी वे कुछ भी नहीं बोलेंगी। कितनी भली होती हैं किताबें कि किसी भी बात का बुरा नहीं मानतीं। आप कबीर के पास मिलान कुंडेरा को बिठा दीजिये या ओरहान पामुक को रहीम के पास बिठा दीजिये, दोनों ही किताबें बुरा नहीं मानेंगी, आप अगली सुबह उनकी जगह बदल कर पामुक को श्‍याम सिंह शशि के पास और कामू को संत रैदास के पास जगह दे दीजिये, वे इसका भी बुरा नहीं मानेंगी।
किताबें हमें दोस्‍त बनाना चाहती हैं और हमारे साथ अपना सब कुछ शेयर करना चाहती हैं, लेकिन हम हैं कि अच्‍छी किताबों से मुंह चुराते फिरते हैं। किताबें छोटे बच्‍चे की तरह हमारे सीने से लग जाने को छटपटाती हैं लेकिन हम हैं कि जूते पर तो चार हज़ार रुपये खर्च कर देंगे, बच्‍चे को खिलौना भी हज़ार रुपये का दिलवा देंगे लेकिन हम किताब की हसरत भरी निगाहों की अनदेखी करके आगे बढ़ जायेंगे। भला बंद किताबें भी किसी को कुछ दे सकती हैं!! नहीं ना!!
सोचें कि पूरी दुनिया में जितनी किताबें छपती हैं, उनमें से कितनों को पाठक नसीब होते होंगे और कितनी किताबों की जितनी प्रतियां छपती हैं उनमें से कितनी प्रतियां बिन खुले ही रह जाती होंगी। कई किताबों को तो अपनी पूरी उम्र बिता देने के बाद भी एक भी पाठक नसीब नहीं होता।
अर्थशास्त्र में एक सिद्धांत पढ़ा था कि बुरी मुद्रा अच्‍छी मुद्रा को चलन से बाहर कर देती है। हमारे वक्‍त का ये बहुत कड़ा सच अच्‍छी और बुरी किताबों पर भी लागू होता है। अच्‍छी किताबें कम छपती हैं, अच्‍छी किताबों के लेखक भी कम होते हैं और उनके पाठक तो और भी कम होते हैं लेकिन सिर्फ कम होने के कारण उनका महत्‍व कम नहीं हो जाता। ये बात अलग है कि बहुत ज्‍यादा संख्‍या में छप रही, पुरस्कृत और समीक्षित हो रही खराब किताबों की भीड़ में अच्‍छी किताबें नज़र ही नहीं आतीं और कई बार पाठकों तक पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देती हैं।
कलाम साहब ने किताबों को ले कर क्‍या ही खूबसूरत बात कही है। एक अच्‍छी किताब सौ दोस्‍तों के बराबर होती है और एक अच्‍छा दोस्‍त पूरी लाइब्रेरी के बराबर होता
प्रिय मित्र अर्पणा दीप्ति के लिए सस्नेह

बोध कथा 6


बहुत पहले की बात है। नयी नयी नौकरी थी। वेतन मिला था। खुश होना लाजमी था। सब दोस्त फिल्म देखने निकले।
रास्ते में भीड़ में कोई जेबकतरा मेहरबान हुआ और जेब साफ। जब तक पता चलता, मेरा पर्स निकाला जा चुका था। हम सबने शोर मचाया। तय था कि जेबकतरा अभी आसपास ही था लेकिन वहां आसपास जितने भी लोग थे, निर्विकार लग रहे थे। किसी पर भी शक करने की गुंजाइश नहीं लग रही थी। अलबत्ता, जब हमने बहुत शोर मचाया तो बीसियों सुझाव आने लगे कि पुलिस में जाओ या सबकी तलाशी लो, ये करो और वो करो लेकिन कुछ भी नहीं किया जा सका। चिंताएं कई थीं। कमरे का किराया, पूरे महीने का खर्च और घर भेजे जाने वाले पैसे।
भीड़ कुछ कम हुई तो मलंग जैसा दिखता एक आदमी हमारे पास आया और बहुत ही गोपनीय तरीके से बताने लगा कि वह काला जादू जानता है और चौबीस घंटे के भीतर जेबकतरे को हमारे सामने पेश कर सकता है। वह दावा करने लगा कि उसके काले जादू से कोई नहीं बच सकता। आओ मेरे साथ। तय था कि पुलिस से मदद मिलने वाली नहीं। हम उसके पीछे चल पड़े।
वह पास ही एक कोठरी में हमें ले गया। दस बीस सवाल पूछे उसने और अपनी फीस की पहली किस्त मांगी - इक्यावन रुपये और ग्यारह अंडों की कीमत। बाकी भुगतान पर्स वापिस मिल जाने पर। हमने सोचा यह करके भी देख लिया जाये। पूरे महीने के वेतन की तुलना में सौदा महंगा नहीं लगा और दोस्तों ने उसकी सेवा की पहली किस्त चुकायी। उसने दिलासा दी कि चौबीस घंटे के भीतर जेबकतरा रोता गिड़गिड़ाता हमारे सामने होगा। हमारा पता उसने नोट कर लिया।
अगले दिन वह हमारे कमरे पर हाजिर था। बताने लगा कि बस चोर का पता लगा लिया है और वह उसकी पावर के रेडियस में आ चुका है। बस अगले कुछ घंटे में वह गिड़गिड़ाते हुए खुद आयेगा। इस बार इक्यावन रुपये और इक्कीस अंडों की कीमत ले गया।
किस्सा कोताह कि वह हर तीसरे चौथे दिन आता और कुछ न कुछ वसूल कर ले जाता। कभी कहता कि चोर आपके घर का पता तलाश कर रहा है और कभी कि बस चल चुका है। जब हमने देखा कि उसकी फीस हमारे खोये पर्स से भी आगे बढ़ने वाली है तो हमने हाथ खड़े कर दिये। ये सब भी तो चंदा करके दिया जा रहा था उसे।
उसने एक दिन की मोहलत और मांगी और इस बार मुर्गे की कीमत ले गया।
अगले दिन वह हड़बड़ाता हुआ आया। हमारे कमरे में ही धुनी रमायी और आंखें मूंदे कुछ मंत्र उछाले, कुछ चेतावनियां बरसायीं और कुछ धमकियों का धुंआ किया। अचानक उसने चिल्लाना शुरू कर दिया – चोर मेरे सामने है। वह आपका पर्स मार कर बहुत शर्मिंदा है। वह खुदकुशी करने जा रहा है। वह बस नदी तक पहुंचने वाला है। जल्दी बताइये क्या करूं। एक मामूली पर्स के चक्कर में उसके बच्चे अनाथ हो जायेंगे। जल्दी बतायें, वह बस छलांग मारने वाला है। कहिये तो उसे रोकूं। मुझ पर हत्या का दोष लगेगा।
पाठक गण समझ सकते हैं कि हमने तरस खा कर जेबकतरे को खुदकुशी करने से रोका ही होगा और रहीम खां बंगाली को भी कुछ दे दिला कर ही विदा किया होगा।
डिस्क्लेमर : यह एक सच्ची घटना है और इसकी तुलना उस देश से न की जाये जहां आम आदमी, बैंक, जेबकतरे और बिचौलियों के बीच ये खेल अरसे से खेला जा रहा है। बेशक वहां जेबकतरा खुदकुशी करने के बजाये शर्म के मारे देश छोड़ कर चला ही जाता है।

जीओ मेरे लाल


हमारे एक मित्र अपने एक रिश्तेदार का किस्सा सुना रहे थे। जनाब 91 बरस के हैं। रोज दोनों टाइम कोई न कोई नान वेज डिश और रात को व्हिस्की के तीन पैग बरसों से उनकी खुराक है। वे फिट और स्वस्थ हैं और अपने आप में मस्त रहते हैं।
अब हुआ ये कि उनके कोई परिचित उनके बेटे से मिलने आए। जब उन्हें सीनियर की खुराक का पता चला तो वे नाराज़ हुए-क्या गजब करते हो। उन्हें इस उम्र में ये सब देते हो। कहीं कुछ हो गया तो।
सीनियर के 65 वर्षीय बेटे ने शांत स्वर में कहा - हम उनकी खाने पीने की आदतें नहीं बदल सकते। उन्हें कुछ भी नहीं होने वाला।
मेहमान हैरान। ये कैसा जवाब है।
तब बेटे ने समझाया-इनके कई फैमिली डाक्टर रहे जो इन्हें पिछले पचास बरसों से पीने से मना करते रहे। अफसोस कि वे सारे डाक्टर भगवान को प्यारे हो गए।
बाबा हैं कि न पीना छोड़ा न जीना।

वो होली

होली पर एक पुरानी लेकिन सरस रचना

कई होलियाँ याद आती हैं। बचपन के शहर देहरादून की होलियाँ जहाँ बड़े लोग झांझ मझीरे ले कर फ़िल्मी गानों की अश्लील पैरोडियाँ गाते हुए गली मोहल्लों में निकलते थे। हमें सहसा यकीन नहीं होता था कि ये बड़े भाइयों सरीखे युवा लोग, जिनकी हम इतनी इज़्ज़त करते हैं और उनसे इतना डरते हैं, इस तरह से सरेआम अश्लील गाने भी गा सकते हैं।
बाद में जब हैदराबाद गया तो वहाँ की होलियाँ याद आती हैं। लोग अपने चेहरे पर पहले ही सफ़ेद रंग का कोई पेंट पोत कर निकलते थे ताकि उस पर कोई दूजा रंग चढ़े ही नहीं। फिर बाद में मुंबई की होलियाँ। रंग खेलने के बाद जुहू तट पर जाना याद आता है जहाँ हज़ारों लोग रंग खेलने के बाद हरहराते समंदर के साथ होली खेलने आते हैं और समंदर सबसे थोड़ा थोड़ा रंग ले कर बहुत रंगीन हो जाता है और जब ठाठें मारता हुआ सबसे होली खेलने के लिए हर ऊंची लहर के साथ सब को गले लगाने के लिए आगे बढ़ता है तो बहुत ही रमणीय नज़ारा होता है।
वैसे मुंबई वासी अपनी ही सोसाइटियों में होली खेलते हैं। बहुत ऊंची आवाज़ में संगीत, एक दूजे की बीवियों पर बाल्टी भर-भर कर या माली वाले पाइप से पानी डालना, बस यही होली होती है, आम मुंबइया बाबुओं की। सड़कों पर टोलियाँ कम ही निकलती हैं। हाँ, कुछ लोग पी-पा कर सड़क पर शाम तक बेसुध पड़े रहते हैं। कुछेक युवा हा हा हू हू करते हुए तेज़ रफ़्तार गाड़ियाँ चलाते भी नज़र आ जाते हैं।
अब तो कई बरसों से होली खेलना ही छोड़ दिया है। बहुत हो ली होली। अगर कपड़े गीले करवाना ही होली है तो नहीं खेलनी मुझे। पहले से तय नहीं रहता कि होली खेलने नीचे उतरना है या नहीं। मूड बना तो ठीक वरना घर पर ही भले।
मैं यहाँ अमदावाद की जिस होली का ज़िक्र कर रहा हूँ, दरअसल ये घटना होली के दिन की नहीं, शाम की है। स्थानीय अख़बार गुजरात वैभव ने किसी पार्टी प्लॉट पर रात्रि भोज का निमंत्रण दिया था। मैं और मेरे कवि मित्र श्री प्रकाश मिश्र भी आमंत्रित थे। वैसे हम दोनों कहीं भी एक साथ जाते थे तो मेरी मोटर साइकिल पर ही चलते थे, लेकिन उस दिन पता नहीं कैसे हुआ कि उनके स्कूटर पर ही चलने की बात तय हुई। शायद सात आठ कि.मी. जाना था।
जब वहाँ पहुँचे तो कई परिचित लोग मिले। बातचीत होती रही। खाने से पहले भांग मिली ठंडाई का आयोजन था। मैंने भी लोगों की देखा देखी दो एक गिलास ठंडाई ले ली लेकिन कुछ ख़ास मज़ा नहीं आया। तभी आयोजक शर्मा परिवार के सबसे युवा मनीष शर्मा जो मेरे अच्छे परिचित थे, मेरे पास आए और बात करते हुए अचानक उन्होंने पूछा कि मैंने ठंडाई ली है या नहीं। जब मैंने बताया कि हाँ, ली तो है लेकिन मुझे तो इसमें कोई ख़ास बात नज़र नहीं आई। वे मुस्कुराए और मेरी बाँह पकड़ कर मुझे एक तरफ़ ले जाते हुए बोले, अरे, इस चालू ठंडाई में थोड़े ही मज़ा है, आइए मैं आपको ख़ास तौर पर ख़ास मेहमानों के लिए बनाई गई ठंडाई पिलाता हूँ।
वे मुझे एक कमरे में ले गए जहाँ ख़ास लोगों के लिए ख़ास ठंडई का इंतज़ाम था। एक बड़ा गिलास मुझे पेश किया गया और तब मुझे लगा, हाँ इस गिलास में कुछ था। एक गिलास हलक से नीचे उतारा ही था कि उनके बड़े भाई ने एक और गिलास ज़बरदस्ती पिला दिया।
साढ़े नौ बजने को आए थे। मेहमानों ने भोजन करना शुरू कर दिया था। ज़मीन पर बिछी जाजमों पर बैठ कर भोजन करना था। स्वादिष्ट भोजन था। पूरी कचौरी, हलवा वगैरह और गुजरात के स्थानीय और होली के व्यंजन।
अब तक भांग ने अपना काम करना शुरू कर दिया था। मैं खाना तो खा रहा था लेकिन धीरे-धीरे मुझे महसूस होना शुरू हुआ कि मुझे खाने के हर निवाले के लिए अपना हाथ धरती में बहुत नीचे तक ले जाना पड़ रहा है और मेरा हाथ वहाँ तक पहुँच ही नहीं पा रहा है। पानी पीना चाहा तो गिलास तक हाथ ही न पहुँचे। मेरी हालत ख़राब हो रही थी, मुझे बहुत ज़्यादा भूख और प्यास लगी थी लेकिन किसी भी चीज़ तक मेरा हाथ ही नहीं पहुँच पा रहा था। मैं ऊँचाई और गहराई का अहसास खो चुका था। मैं भुनभुना रहा था, बड़बड़ा रहा था लेकिन किसी तक भी अपनी आवाज़ नहीं पहुँचा पा रहा था कि कोई मुझे बताए कि मैं क्या करूँ। पंगत में साथ बैठे खाने वाले कब के खा कर जा चुके थे और मेरी पत्तल में अभी भी खाने की चीज़ें जस की तस पड़ी हुई थीं और मैं बेहद भूखा था।
शायद मैं आधा घंटा तो इसी हालत में बैठा ही रहा होऊँगा। तभी श्री प्रकाश मिश्रा जी मुझे ढूँढते हुए आए और बोले चलो भई, बहुत खा लिया तुमने। और कितना खाओगे। साढ़े ग्यारह बज रहे हैं। चलना नहीं है क्या।
मैं आधे अधूरे पेट उठा तो दूसरी समस्या शुरू। उनके स्कूटर की सीट मुझे इतनी ऊँची लग रही थी कि मैं किसी तरह भी उस पर चढ़ नहीं पा रहा था। आस पास तमाशबीन जुट आए थे। मैं लगातार इस बात का रोना रो रहा था कि मैं आख़िर इतनी ऊँची सीट पर चढूँ कैसे? तभी मैंने देखा कि चार पाँच आदमियों ने मुझे किसी तरह से गोद में उठा कर स्कूटर पर बैठा ही दिया है। श्री प्रकाश जी ने स्कूटर स्टार्ट किया और मैंने उन्हें पीछे से कस कर पकड़ लिया।
अब एक और मुसीबत शुरू हो गई मेरे साथ। मुझे लगा कि ये स्कूटर अनंत काल से चल ही रहा है और हम कहीं नहीं पहुँच रहे। मैंने कम से कम बीस बार तो मिश्रा जी से पूछा ही होगा कि हम पहुँच क्यों नहीं रहे हैं।
आख़िर जब मुझे अपना घर नज़र आया तो मैं छोटे बच्चे की तरह खुशी से चिल्लाने लगा कि मेरा घर आ गया। मिश्र जी ने मुझे किसी तरह से स्कूटर से उतारा, मेरी जेब से चाबी निकाली और दरवाज़ा खोला। मिश्रा जी कब वापस गए और मैं कब सोया, मुझे कोई ख़बर नहीं। अलबत्ता सुबह जब उठा तो पिछली रात की अपनी सारी बेवकूफ़ियाँ मुझे याद थीं।
हँसी भी आ रही थी कि भांग भी क्या चीज़ है कि अच्छे भले आदमी का कार्टून बना देती है।

कुर्सी खाली करने के बाद.....

चुनावी माहौल में एक बहुत पुरानी रचना (शायद बीस बरस पुरानी)

खबर है कि पोलैंड के भूतपूर्व राष्ट्रपति अब फिर से अपने पुराने धंधे में लौटना चाहते हैं। वे मजदूर नेता से राष्ट्रपति बनने से पहले बिजली मिस्त्री थे। अब फिर से वे बिजली की बिगड़ी चीजें दुरुस्त करेंगे।
स्वाभाविक है कि जब वे ये काम करेंगे तो अपने संस्थान के सेवा नियमों का भी पालन करेंगे। वक्त से आएंगे, जाएंगे। दिन भर डांगरी या यूनिफॉर्म पहनकर अपने औजारों का झोला लटकाए ड्यूटी बजाते मिलेंगे। लंच का भोंपू बजने पर साथियों के साथ मिल बैठ कर टिफिन खोलेंगे। शाम होते ही अपनी साइकिल की घंटी टुनटुनाते हुए बाजार से सब्जी भाजी लाते हुए घर लौटेंगे। यह भी स्वाभाविक है कि नौकरी के साथ जुडी सारी सुविधाओं का लाभ भी उठाएंगे। वे भी महंगाई भत्ते की अगली किस्त का, वार्षिक वेतन वृद्धि का और त्योहार अग्रिम का इंतजार करेंगे। उनके संस्थान में जब हड़ताल होगी तो वे भी नारेबाजी करेंगे ही, बेशक तोड़फोड़ ना करें।
ये सारी बातें सोचते हुए ख्याल आ रहा है कि अगर हमारे यहां भी सेवानिवृत्त या भूतपूर्व या हारे हुए प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्री या अन्य नेतागण भी अपने पुराने काम धंधे पर लौटने लगे तो कैसा माहौल बनेगा। राजीव गांधी की हत्या ना हुई होती तो वे भी 10 सशस्त्र कमांडो से घिरे जहाज चला रहे होते या अक्सर होने वाली पायलटों की हड़ताल में हिस्सा ले रहे होते। ज्ञानी जैल सिंह बढ़ई गिरी करते हुए कुर्सियां मेजें ठोकते मिलते। जो राष्ट्रपति या मंत्रीगण खेती की पृष्ठभूमि से आए हैं वे भी सेवानिवृत्ति के बाद बीज भंडार में या डीजल या खाद के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हुए दिन गुजारते। कितना अजीब लगेगा नारियल की खेती से जुड़े भूतपूर्व नेता को पेड़ पर चढ़ कर नारियल तोड़ते देखकर।
वैसे तो अपने यहां ना तो कोई नेता रिटायर होता है ना भूतपूर्व। भूतपूर्व मंत्री गवर्नर बना दिए जाते हैं और वर्तमान गवर्नर सक्रिय राजनीति में आकर मंत्री बनने के लिए रात दिन छटपटाते रहते हैं। कुर्सी से उनका नाता सिर्फ ऊपर वाला ही काट सकता है। उस हालत में उनकी कुर्सी, पद, मकान वगैरह उनके परिवारजनों के हिस्से में ही आते हैं। वे न भी लेना चाहते हों तो चमचे उनके पैर पकड़ते हैं कि आप आ जाइये। आप ही देश को बचा सकती हैं।
अब संकट अपने देश का ये है कि यहां के ज्यादातर नेता आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं। इस चुनाव में उन वृद्ध और वयोवृदृध नेताओं की आखिरी खेप भी निपट जायेगी जो वाया आजादी की लड़ाई राजनीति में आए थे। बाद में तो जो भी सत्ता संभालेंगे उनकी सप्लाई का ठेका अपराध जगत ही लेगा। जो आपराधिक पृष्ठभूमि से नहीं भी आए हैं, उनके कारनामें ऐसे हैं कि प्रोफेशनल अपराधी उनसे ट्रेनिंग लें। खैर, जो नेता आपराधिक पृष्ठभूमि से आए हैं
उन नेताओं को वहीं वापिस लौटना होगा। वैसे तो वे चुने जाने के बाद भी बिना वापिस लौटे अपने पुराने धंधे ही करते रहे हैं। कई नेताओं ने तो चुनाव भी जेल में रहते हुए लड़े और जीते हैं। शायद ही किसी देश की राजनीति में एक साथ बलात्कारी, स्मगलर करचोर, रिश्वतखोर, जालसाज, अपराध जगत से सीधा नाता रखने वाले, सरकारी मकान पर कब्जा जमाए रखने वाले करोड़ों डकार जाने वाले नेता एक साथ मिलें। तो क्या फर्क पड़ेगा अगर वो रिटायर हो भी जाएं। हां जो जेल से आए थे उन्हें जरूर तकलीफ होगी। इतनी सुविधाएं भोगने के बाद फिर से चक्की पीसना भारी पड़ेगा।
कुछ ऐसे भी होंगे जिन्हें अपना पुराना धंधा अपनाने में तकलीफ होगी। पहले सत्संग करते थे, आशीर्वाद देते थे। हालांकि पैर छूने वालों की यहां भी कमी नहीं है लेकिन राजनीति का खून चख लेने के बाद भला गंगाजल और कंदमूल उन्हें कैसे लगेंगे।
कुछेक के लिए तकलीफ होगी कि वे कई कई बरसों से अपने चुनाव क्षेत्र में ही नहीं गये है। उनके मतदाता लट्ठ लिये उन्हें ढूंढ रहे हैं। कुछेक को तो वे लोग ढूंढ रहे हैं जिनका पैसा खाकर भी काम नहीं किया गया है।
ऐसा नहीं है कि हमारे सारे नेता वहीं से आये हों। कई तो दूध के धुले हुए हैं। वे भी और उनके वस्त्र भी। कहीं कोई दाग नहीं। तो कितना अजीब लगेगा सेवानिवृत्त होकर कोई राष्ट्रपति फिर से अध्यापकी में लौटे, बच्चों को पहाड़े याद कराए, बच्चों को बेंच पर खड़ा करे या कोई प्रधानमंत्री चाय की दुकान में लौट कर चाय बेचे।
एक और संकट भी है। लेस वलेसा जब राष्ट्रपति के चुनाव हार कर अपने धंधे में लौट रहे हैं तो उनकी इतनी उम्र बाकी है और उनमें इतना दमखम भी है कि अपने पुराने काम को कर सकें बल्कि कुछेक बरस काम करते रह सकें। अपने यहां पर आलम यह है कि जब वे समाज के किसी काम के नहीं रहते तभी राजनीति में आते हैं।
नहीं, हम नहीं चाहेंगे कि हमारे राजनीतिज्ञ लोग अपने पुराने धंधे में लौटे। किसी भूतपूर्व मंत्री को गैंगवार करते या बलात्कार करते हमसे नहीं देखा जाएगा। राजनीति के अपराधीकरण का मामला फिर भी हमने झेल लिया है अब अपराधों का राजनीतिकरण होने लगे तो.....।

तेरे प्यार में

जब वह अगली बार मिली तो बताया उसने - कल देर शाम हमारे घर टेलिफोन लग गया है।
मैंने बधाई दी और कहा कि ये तो बहुत ही अच्छी खबर है।
तभी उसने बताया कि जब कल शाम आठ बजे फोन चालू हुआ तो सबसे पहले मैंने ही उसका उद्घाटन किया और तुम्हारा नंबर डायल किया।
मैं हैरानी से बोला - अरे, तुम्हें पता तो है कि हमारा आॅफिस छह बजे बंद हो जाता है।
वह भड़की- तुम निरे बुद्धू हो। पता नहीं, तुम्हारे प्यार में कैसे पड़ गयी।
और वह उस दिन सचमुच नाराज हो कर चली गई थी।
कई दिन बाद मुझे समझ में आया था कि वह मुझसे कितना प्यार करती थी कि फोन पर सबसे पहले मेरा ही नंबर डायल करने का जो सुख उसने पाया था, मुझसे साझा करना करना चाहती थी। बेशक जानती थी कि बंद आॅफिस में देर तक घंटी बजती रहेगी।
हम कितने बुद्धू होते हैं न कि प्यार की अलग अलग इबारतें समझ ही नहीं पाते।